Moradabad : समाजसेवी पवन जैन के पौत्र इवान जैन ने अभावग्रस्त बच्चों के बीच मनाया अपना जन्मदिवस

मुरादाबाद। बाबू मुकुट बिहारी लाल जैन सेवा न्यास के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार जैन ने अपने पौत्र इवान जैन का जन्मदिवस सेवा भारती द्वारा संचालित बाल विकास विद्यालय, पैरा की मिलक में अभावग्रस्त वर्ग के बच्चों के बीच सादगी एवं सेवा भाव के साथ मनाया। विद्यालय पहुँचने पर भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों से संचालित इस संस्थान के नन्हे भैया-बहनों तथा शिक्षकों ने इवान को भारतीय पद्धति से शुभकामनाएँ प्रदान कीं। इस अवसर पर इवान के माता-पिता नमन जैन एवं प्रिया जैन ने सभी बच्चों को उपहार एवं मिष्ठान वितरित किया।

आजकल जहाँ प्रायः जन्मदिन समारोह बड़े होटलों एवं भव्य आयोजनों में मनाए जाते हैं, वहीं इवान के परिवार ने इस अवसर को सेवा एवं संवेदना से जोड़ते हुए ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया, जिससे न केवल इवान का चेहरा खिला, बल्कि उन अनेक बच्चों के चेहरों पर भी मुस्कान आई जिन्हें वास्तविक खुशी की आवश्यकता है। ज्ञातव्य है कि सेवा भारती द्वारा संचालित इस विद्यालय में नर्सरी से कक्षा पाँच तक के लगभग 400 अभावग्रस्त विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

इस अवसर पर डॉ. पवन कुमार जैन ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति संवेदना रखना आवश्यक है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचार उद्धृत करते हुए कहा
“मैं उस प्रभु का सेवक हूँ, जिसे लोग मनुष्य के रूप में जानते हैं”,
और बताया कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।

कार्यक्रम में उपस्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक सुरेंद्र पाल सिंह ने इसे “नर सेवा नारायण सेवा” का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। इस अवसर पर वरिष्ठ कार्यकर्ता ओमप्रकाश शास्त्री ने कहा कि यह प्रसन्नता का विषय है कि इवान के जन्मदिवस की खुशी के साथ-साथ 400 बच्चों के चेहरों पर भी मुस्कान दिखाई दे रही है। विद्यालय की प्रधानाचार्या ममता सक्सेना ने बाबू मुकुट बिहारी लाल जैन सेवा न्यास के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए उनकी सेवा भावना की सराहना की। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रौढ़ कार्य प्रमुख ओम प्रकाश शास्त्री, प्रधानाचार्या ममता सक्सेना, नमन जैन, प्रिया जैन, राशि जैन, अमन जैन, अलका जैन, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।





