Moradabad News : लाइनपार के प्राचीन माहेश्वर काली मंदिर में भव्य दिव्य भस्म आरती का हुआ आयोजन
एसपी सिटी कुंवर रणविजय सिंह, भाजपा नेत्री प्रिया अग्रवाल और डॉ विशेष गुप्ता सहित कई विशेष गणमान्य रहे मौजूद

(रिपोर्ट : सौरभ पूठिया)
मुरादाबाद। श्रद्धा सेवा संस्थान की ओर से “ॐ दिव्य भस्म आरती” का भव्य आयोजन प्राचीन महेश्वर काली मंदिर, कृष्णापुरी, निकट विश्नोई धर्मशाला, लाइनपार, मुरादाबाद में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने परिवार सहित पहुंचकर भगवान महादेव की आराधना की।
भस्म आरती के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना की गई। मंदिर परिसर “हर हर महादेव” और “जय श्री महाकाल” के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम में एसपी सिटी मुरादाबाद कुंवर रणविजय सिंह, डॉ. विशेष गुप्ता, निवर्तमान अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग, प्रिया अग्रवाल भाजपा नेत्री सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजन में मुख्य पूजक एवं वैदिक कर्मकांड विशेषज्ञ पंडित शुभम श्री शास्त्री जी ने विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। कार्यक्रम के सान्निध्य में पंडित सुरेंद्र शर्मा जी, प्रख्यात ज्योतिषविद एवं श्री हरि ज्योतिष केंद्र रहे।

वहीं कार्यक्रम की प्रेरणास्रोत महासाक्षी कल्पना महेश, मंदिर संस्थापक रहीं, जबकि आयोजन की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी डॉ. माधव शर्मा ने संभाली।
कार्यक्रम में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की। भव्य भस्म आरती के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और “जय श्री महाकाल” के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
पुलिस अधीक्षक नगर कुंवर रणविजय सिंह ने आरती के पश्चात मीडिया से मुखातिब होते हुए सावन माह में चल रहे कांवर मेले की व्यवस्था को लेकर अपने विचार रखे और सभी शिवभक्तों को शुभकामनाएं प्रेषित की।
इस मौके पर नेहा शर्मा, गोपाल शर्मा, उत्कर्ष शर्मा, संजीव शर्मा, आदर्श भटनागर, सौरभ पूठिया, मनमोहन सिंह, बाली सिंह, सुभाष सिंह, शशक्त शर्मा सहित भारी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे।




