Welcome to SPN Report   Click to listen highlighted text! Welcome to SPN Report
राजनीतिलोकल न्यूज़

मुरादाबाद में शिवपाल यादव का बीजेपी पर हमला, हिंदू-मुस्लिम राजनीति से मुद्दे भटकाने का लगाया आरोप

मुरादाबाद पहुंचे सपा महासचिव शिवपाल यादव ने बीजेपी पर हिंदू-मुस्लिम की राजनीति के जरिए महंगाई, बेरोजगारी, किसान और व्यापारियों के मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।

(रिपोर्ट : सौरभ पूठिया)

मुरादाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव मंगलवार को मुरादाबाद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा किसानों, नौजवानों, व्यापारियों और समाज के दूसरे वर्गों की समस्याओं से जनता का ध्यान हटाने के लिए हिंदू-मुस्लिम की राजनीति को बढ़ावा दे रही है।दिल्ली की ओर से मुरादाबाद पहुंचे शिवपाल यादव का पाकबड़ा स्थित जीरो प्वाइंट पर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद वह सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की और कई राजनीतिक मुद्दों पर अपनी पार्टी का का रुख स्पष्ट किया।
शिवपाल यादव ने कहा कि आज आम जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और व्यापारियों की परेशानियों से जूझ रही है। युवाओं के सामने रोजगार का संकट है, किसान अपनी समस्याओं को लेकर परेशान हैं और व्यापारी भी कई तरह की दिक्कतों का सामना कर रहे हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि इन वास्तविक मुद्दों पर चर्चा करने और समाधान निकालने के बजाय भाजपा ऐसे मुद्दों को सामने ला रही है, जिनसे समाज में धार्मिक आधार पर बहस और विवाद खड़ा हो।

राम मंदिर को लेकर शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी श्रीराम मंदिर की विरोधी नहीं है। उन्होंने कहा कि मंदिर का निर्माण न्यायालय के आदेश के बाद हुआ है और समाजवादी पार्टी न्यायपालिका का हमेशा सम्मान करती रही है।हालांकि, उन्होंने भाजपा पर मंदिर निर्माण का राजनीतिक श्रेय लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया। चंदा चोरी के मुद्दे का जिक्र करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि जब ऐसे सवाल सामने आते हैं तो जनता का ध्यान दूसरी ओर मोड़ने के लिए धार्मिक मुद्दों को राजनीतिक बहस का हिस्सा बनाया जाता है।

संभल की न्यायिक जांच को लेकर भी शिवपाल यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच के बहाने समाजवादी पार्टी के नेताओं को फंसाने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस बार ऐसा कुछ नहीं होने वाला है और पार्टी अपने नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी रहेगी।

सपा नेता आजम खान से जुड़े मामलों पर भी शिवपाल यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान के खिलाफ कई झूठे मुकदमे लगाए गए और यहां तक कि मुर्गी चोरी जैसे आरोप भी लगाए गए।शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेताओं को लंबे समय से राजनीतिक दबाव और कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। शिवपाल यादव ने बताया कि बुधवार को वह रामपुर जेल में आजम खान से मुलाकात करेंगे। इसके बाद जौहर विश्वविद्यालय जाने की भी बात उन्होंने कही। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी छात्रों और जौहर विश्वविद्यालय के साथ खड़ी है और उनके हितों को लेकर पार्टी अपनी आवाज उठाती रहेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!