Moradabad : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ, मुरादाबाद द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन एसएस इंटर कॉलेज में किया गया। बैठक में प्रदेश नेतृत्व द्वारा मनोनीत प्रांतीय उपाध्यक्ष विमलेंद्र विमल एवं प्रदेश मंत्री जितेंद्र प्रताप सिंह का भव्य स्वागत करते हुए उन्हें पुष्पमालाओं से सम्मानित किया गया।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने की तथा संचालन जिला मंत्री शमशाद हुसैन द्वारा किया गया।
अपने संबोधन में प्रांतीय उपाध्यक्ष विमलेंद्र विमल ने कहा कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ शिक्षकों का एक सशक्त एवं विश्वसनीय संगठन है। उन्होंने बताया कि संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष चेत नारायण सिंह एवं संरक्षक राज बहादुर सिंह चंदेल (वर्तमान एमएलसी) द्वारा विधानसभा में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया, जिसके परिणामस्वरूप शिक्षकों को चिकित्सीय सुविधा प्रदान की गई, विषय विशेषज्ञों को पुरानी पेंशन योजना में शामिल किया गया तथा मूल्यांकन दरों में संशोधन हुआ। यह संगठन की एकता और मजबूती का प्रमाण है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षकों को पठन-पाठन कार्य से हटाकर अन्य कार्यों में लगाया जाना उचित नहीं है और संगठन इसका पुरजोर विरोध करेगा।

प्रदेश मंत्री जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि संगठन की एकता का प्रदर्शन आगामी 10 तारीख को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर आयोजित धरने में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। मंडल अध्यक्ष हरिशंकर भारती ने पुरानी पेंशन योजना में शामिल हुए विषय विशेषज्ञों को बधाई देते हुए शेष वंचित शिक्षकों को भी इसमें शामिल करने की मांग की।
मंडल मंत्री अरुण शर्मा ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों के लंबित प्रकरणों को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय द्वारा शीघ्र मंगाकर निस्तारित किया जाए।पूर्व जिला मंत्री राजपाल सिंह एवं पूर्व अध्यक्ष अभय गुप्ता ने कहा कि शिक्षक देश की धरोहर और भविष्य के निर्माता हैं, अतः सरकार को उनका सम्मान सुनिश्चित करना चाहिए। अध्यक्षता करते हुए डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि माध्यमिक विद्यालयों के स्तर में सुधार हेतु छात्र संख्या बढ़ाने के लिए सरकार से विशेष नियम बनाए जाने की मांग की जाएगी।

इस अवसर पर प्रांतीय उपाध्यक्ष विमलेंद्र विमल, प्रदेश मंत्री जितेंद्र प्रताप सिंह, मंडल संयोजक वीर सिंह, मंडल अध्यक्ष हरिशंकर भारती, मंडल मंत्री अरुण शर्मा, जिला अध्यक्ष डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, जिला मंत्री शमशाद हुसैन, पूर्व अध्यक्ष अभय गुप्ता, पूर्व मंत्री राजपाल सिंह, पूर्व अध्यक्ष गिरिराज सिंह, रविंद्र पाल सिंह, नीतीश, वी. दास, शकील मोहम्मद, गुलवेज, बारिश, मंजूर अहमद, वंश बहादुर, अर्जुन सिंह, राकेश शर्मा, दिनेश सिंह यादव, आनंद सिंह एवं हरि प्रकाश यादव सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।