Moradabad News : कांठ में आतंक का अंत! 2 बच्चों पर हमला करने वाला खूंखार तेंदुआ पिंजरे में कैद

(रिपोर्ट : कासिम मलिक)
मुरादाबाद : कांठ थाना क्षेत्र में पिछले कई दिनों से दहशत का कारण बना खूंखार तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद महदूद कल्मी गांव समेत आसपास के इलाकों में लोगों ने राहत की सांस ली है।
बताया जा रहा है कि बीते 24 घंटों के भीतर तेंदुए ने दो बच्चों पर हमला कर दिया था, जिससे पूरे गांव में भय का माहौल बन गया था। हालात ऐसे हो गए थे कि ग्रामीण घरों से निकलने में डर रहे थे और बच्चों को बाहर भेजना पूरी तरह बंद कर दिया गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम ने गांव में पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया। देर रात टीम को बड़ी सफलता मिली और तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। हालांकि पकड़ में आने के बाद भी तेंदुआ बेहद आक्रामक नजर आया और लगातार दहाड़ता रहा, यहां तक कि पिंजरे को तोड़ने की कोशिश भी करता रहा।
तेंदुए के पकड़े जाने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने राहत की सांस लेते हुए प्रशासन और वन विभाग की कार्रवाई की सराहना की। वन विभाग ने तेंदुए को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

